भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दमोह के मतदाताओं के प्रति जताया आभार!
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मतदान के लिए दमोह विधानसभा के मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि कोरोना संकट के बावजूद दमोह विधान सभा में उपचुनाव के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने जो उत्साह दिखाया है, वह अभूतपूर्व है। प्रत्येक आयु वर्ग के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया और मतदान केंद्रों पर लोग मतदान के लिए कतारों में दिखाई दिये। श्री शर्मा ने कहा कि मतदान के प्रति मतदाताओं का यह उत्साह लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था को दिखाता है। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र के इस महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी के लिए मतदाताओं का अभिनंदन करती है। प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति भी आभार जताया है। यह समाचार प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर द्वारा जारी किया गया है।