कलेक्टर श्री चैतन्य आकस्मिक रूप से कोविड केयर सेन्टर पहुंचे, जानी व देखी व्यवस्थाएं!
सेम्पलिंग की ली जानकारी, विवेकानंद नगर और एमएलबी स्कूल स्थित सीसीसी में पहुंचे कलेक्टर
दमोह: कलेक्टर एस.कृष्ण चैतन्य आज आकस्मिक रूप से शहर में स्थित दोनों कोविड केयर सेंटर पहुंचे। यहां पर उन्होंने भर्ती मरीजों की जानकारी ली। मरीजों के स्वास्थ्य के बारे में, उनको मिलने वाले भोजन आदि की भी जानकारी ली। साथ ही कार्यरत स्टाफ से कहा कोई समस्या हो तो बतायें। कोविड केयर सेंटर विवेकानंद नगर में 13 मरीज भर्ती है। यहां वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश राय ने बताया एक मरीज आज उनके पास आया था, चेहरे में सूजन थी, उसे जबलपुर रिफर किया है। श्री चैतन्य ने उसकी जानकारी रखने के निर्देश दिये।
यहां से कलेक्टर श्री चैतन्य एमएलबी स्कूल कोविड केयर सेंटर पहुचे, यहां पर 4 मरीज है, एक आज डिस्चार्ज होने की जानकारी दी गई। यहां मौजूद स्वास्थ्य अमला अचानक कलेक्टर के पहुंचने से अचंभित था। कलेक्टर ने यहां मूलभूत सुविधाओं, भोजन आदि की जानकारी ली। श्री चैतन्य ने स्टाफ से कहा कोई समस्या हो तो बतायें। स्टाफ ने कहा फिलहाल कोई समस्या नहीं है, दो कमरों में चार मरीज है, खाना समय पर मिल रहा है, यहां मायसेम सीमेंट की ओर से भोजन तथा विवेकानंद नगर में गायत्री परिवार द्वारा भोजन व्यवस्था की जानकारी दी गई है।
सेम्पल के बारे में ली जानकारी –
कलेक्टर श्री चैतन्य ने कोविड केयर सेंटर विवेकानंद नगर और एमएलबी स्कूल दोनों जगह सेम्पल लेने के संबंध में जानकारी ली। बताया गया सेम्पल सीसीसी विवेकानंद नगर में लिए जा रहे है, एमएलबी में नहीं।