भाजपा की राजनीति में नया मोड़ आया, पूर्व मंत्री जयंत मलैया को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया!
दमोह : दमोह जिले की भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। जहां दमोह विधान सभा उपचुनाव में हार के बाद मध्य प्रदेश शासन के पूर्व वित्त मंत्री भारतीय जनता पार्टी के नेता जयंत मलैया को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। वही उनके द्वारा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के समक्ष अपना जवाब पेश किया गया था। वही अब प्रदेश अध्यक्ष द्वारा उन्हें प्रदेश की कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। यह लिस्ट जारी होने के बाद दमोह की राजनीति में एक बार फिर नया मोड़ देखने मिल सकता है।
दमोह से जुड़े किन नेताओं के हैं इस सूची में नाम
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ राघवेंद्र के लेटर हेड पर जारी की गई सूची में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा द्वारा भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति में स्थाई आमंत्रित सदस्य, कार्यसमिति सदस्य एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी की गई है। जिसमें दमोह के सांसद, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल इस सूची में स्थाई आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किए गए हैं। तो वही जबेरा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी को कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। तो विशेष आमंत्रित सदस्य में मध्य प्रदेश शासन के पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया, पूर्व सांसद डॉ रामकृष्ण कुसमरिया एवं हरी शंकर चौधरी का नाम इस लिस्ट में शामिल है।
चौंकाने वाला है जयंत मलैया का नाम
इस लिस्ट में भारतीय जनता पार्टी के नेता पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया का नाम विशेष आमंत्रित सदस्य में शामिल किए जाने को चौंकाने वाला नाम कहा जा सकता है, क्योंकि बीते ही माह दमोह विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली हार के बाद भाजपा के प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी ने इस हार का ठीकरा जयंत मलैया और उनके परिवार पर फोड़ा था। जिसके बाद जयंत मलैया को जहां कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। वहीं उनके बेटे सिद्धार्थ मलैया को पार्टी से निलंबित किया गया था। चंद दिनों के बाद ही जयंत मलैया को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान दिया जाना, निश्चित ही दमोह की राजनीति में फिर से नए उठापटक का संकेत तो माना ही जा सकता है।
कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष भी सूची में शामिल
भाजपा द्वारा जारी की गई इस सूची में एक और नाम चौंकाने वाला कहा जा सकता है। सूची में दमोह जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हरिशंकर चौधरी को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। मालूम हो ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद हरिशंकर चौधरी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया था। हरिशंकर चौधरी जिला कांग्रेस कमेटी दमोह के अध्यक्ष रहे हैं। वहीं कांग्रेस के टिकट पर हटा से चुनाव लड़ चुके हैं। अब हरिशंकर चौधरी को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सूची में शामिल किया गया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय से जारी सूची



